कई दिनों लगातार हो रही बारिश के बीच अंडाल थाना क्षेत्र में एक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। हादसे में घर के लोग बाल-बाल बच गए, जबकि मकान की मिट्टी की दीवार के नीचे घरेलू सामान दब गया। घटना अंडाल के सिंदुली स्थित महातोपाड़ा इलाके की है। बताया गया कि पेशे से दिहाड़ी मजदूर बाबलू सरदार का परिवार इस कच्चे मकान में रहता था। पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण मकान की मिट्टी की दीवारें कमजोर हो गई थीं। इसी बीच अचानक मकान का एक हिस्सा ढह गया। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के सदस्य सुरक्षित बाहर

निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने और खाने की समस्या खड़ी हो गई है। फिलहाल बाबलू सरदार का परिवार स्थानीय क्लब में शरण लेकर रह रहा है। आसपास के लोग भी परिवार की मदद कर रहे हैं और उनके लिए भोजन की व्यवस्था कर रहे हैं। बाबलू सरदार ने प्रशासन और सरकार से परिवार के लिए सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि परिवार में बच्चे, पत्नी और बीमार मां हैं। ऐसे में कच्चा मकान गिरने के बाद उनके लिए सुरक्षित ठिकाने की तत्काल जरूरत है।