ओडिशा के कोरापुट जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। बोरिगुम्मा और कोटपाड़ ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। लगातार बारिश से चामरी नदी का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे बेना और गुंजिगुड़ा गांवों के बीच आवागमन प्रभावित हुआ है। कुंदुरा ब्लॉक में नादियालोपली पुल के ऊपर करीब दो फीट पानी बह रहा है।

इसके चलते कुंदुरा, दिगापुर और जयपुर के बीच सड़क संपर्क बाधित हो गया है। प्रशासन और पुलिस ने पुल के दोनों तरफ बैरिकेड लगाकर आवाजाही रोक दी है। वहीं, इंद्रावती जलाशय के तीन गेट खोलकर पानी छोड़े जाने के बाद कोटपाड़ के कुछ हिस्सों में स्थिति और गंभीर हो गई है। गुआली पंचायत के असना और बनिया गांव बाढ़ के पानी से कट गए हैं। प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।
