दुर्गापुर के इंदो-अमेरिका मोड़ स्थित एक निजी इस्पात कारखाने के बंद यूनिट के दोबारा शुरू होने के बाद पुराने श्रमिकों को काम पर नहीं लिए जाने के आरोप में शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने कारखाने के गेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रवेश मार्ग रोककर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के अनुसार, यूनिट बंद होने से करीब 130 श्रमिक बेरोजगार हुए थे। उस समय यूनिट दोबारा शुरू होने पर पुराने श्रमिकों को चरणबद्ध तरीके से काम पर लेने का आश्वासन दिया गया था। आरोप है कि यूनिट दोबारा शुरू

होने के बाद पुराने श्रमिकों को रोजगार नहीं मिला और नए लोगों की नियुक्ति की जा रही है। दुर्गापुर पूर्व के भाजपा विधायक चंद्रशेखर बनर्जी ने प्रदर्शनकारियों का समर्थन करते हुए कहा कि स्थानीय श्रमिकों को रोजगार देना होगा। उन्होंने प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा, “श्रमिकों के पेट पर लात मारकर जय श्रीराम कहने की जरूरत नहीं है।” वहीं, कारखाने के अधिकारी मृत्युंजय चट्टोपाध्याय ने बाहरी लोगों की नियुक्ति के आरोप से इनकार किया। उन्होंने कहा कि उत्पादन रोककर प्रदर्शन करने से कारखाने को नुकसान हो रहा है। बातचीत के जरिए समस्या का समाधान निकाला जा सकता था।
