उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार को ‘भारत टैक्सी’ सेवा की शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस सेवा का शुभारंभ किया। फिलहाल भारत टैक्सी का संचालन लखनऊ के साथ गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज में शुरू किया गया है। टैक्सी, टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर चालक जीरो कमीशन पर इस प्लेटफॉर्म से जुड़ सकेंगे और उन्हें 5 लाख रुपये तक की

सामाजिक सुरक्षा देने की बात कही गई है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश की पिछली कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि 2017 से पहले टैक्सी और अन्य वाहनों की सुरक्षा को लेकर समस्याएं थीं। उन्होंने सहकारिता को लेकर कहा कि इसका इस्तेमाल सकारात्मक या नकारात्मक दोनों तरीके से हो सकता है और अच्छे नेतृत्व में यह समृद्धि का माध्यम बन सकती है।
