जमशेदपुर के मरीन ड्राइव इलाके में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी मरीन ड्राइव के पास हुआ, जहां एक सफेद स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चारों लोग अंदर फंस गए। राहत-बचाव टीम ने गैस कटर की मदद से शवों को बाहर निकाला और

MGM अस्पताल भेजा। मृतकों की पहचान तृषा सिंह, सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल के रूप में हुई है। तृषा सिंह XLRI की छात्रा थीं। हादसे की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया पर दुख जताया। उन्होंने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि संतान को खोने का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी घटना पर गहरा दुख जताया और सभी शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना की। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।