पाकुड़, अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के छोटा कुस्कुट्टा गांव में ग्राम प्रधान छोटा बामना पहाड़िया की हत्या का पुलिस ने महज आठ घंटे में उद्भेदन कर दिया। पुलिस ने मामले में गांव के ही करीब 23 वर्षीय धर्मा पहाड़िया को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर को छोटा कुस्कुट्टा में एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मृतक की पत्नी चांदी पहाड़िन के फर्दबयान पर अमड़ापाड़ा थाना कांड संख्या 72/2026 दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर थाना प्रभारी अनुप रोशन भेंगरा के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई।

टीम ने तकनीकी, फिंगरप्रिंट और स्वान दस्ता की मदद से जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान पता चला कि ग्राम प्रधान की रात में घर में घुसकर सोने की अवस्था में गला काटकर हत्या की गई थी। मानवीय एवं तकनीकी सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर धर्मा पहाड़िया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून जैसे पदार्थ से सना टांगी और खून लगा नारंगी रंग का गमछा बरामद किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
