आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा से गणेश उत्सव के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां अन्नदान कार्यक्रम के लिए खाना तैयार करते समय 46 वर्षीय महिला की उबलते हुए सांबर के बड़े बर्तन में गिरने से मौत हो गई। घटना विजयवाड़ा के वन टाउन इलाके के एल. राव नगर की बताई जा रही है।

मृतका की पहचान सुजाता के रूप में हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, 20 सितंबर को गणेश चतुर्थी के मौके पर अन्नदान कार्यक्रम की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान गर्म सांबर से भरे बड़े बर्तन को ले जाते समय सुजाता का संतुलन बिगड़ गया और वह बर्तन में गिर गईं। उन्हें गंभीर रूप से झुलसी हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
