पाकुड़ सदर के ईलामी पंचायत के चंदाली मोड़ में अज़हर इस्लाम द्वारा प्रस्तावित जनसभा को प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के बाद उन्होंने रात करीब 10 बजे सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के माध्यम से लोगों को इसकी जानकारी दी। कम समय में सूचना मिलने के बावजूद अगले दिन ईलामी, नवादा, सिसपोखर, तारानगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग स्वयं उनके राइस मिल परिसर पहुंच गए। अज़हर इस्लाम ने लोगों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इतने

कम समय की सूचना पर बड़ी संख्या में लोगों का पहुंचना उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने गरीब, मजलूम और असहाय लोगों के हक एवं न्याय की आवाज उठाने का प्रयास जारी रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि जनता का साथ मिलता रहा तो भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज को और मजबूत किया जाएगा तथा गरीबों को उनका हक और न्याय दिलाने की लड़ाई जारी रहेगी। बेहतर पाकुड़ के निर्माण के लिए मिलकर काम करने का भी आह्वान किया।
