गुरुग्राम में महिला बाइकर के साथ हिट एंड रन की घटना सामने आई है। गोल्फ कोर्स रोड पर एक कार ने स्पोर्ट्स बाइक सवार युवती को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवती और बाइक कई मीटर तक सड़क पर घसीटते चले गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बाइकर की पहचान सिया के रूप में हुई है। सिया के मुताबिक, वह अपने बाइकिंग ग्रुप के साथ अप्रिलिया RS 457 चला रही थीं। आरोप है कि कार में सवार लोग पहले से उनका पीछा कर

रहे थे और बदतमीजी कर रहे थे। बाद में कार ने ओवरटेक करते हुए उनकी बाइक को साइड से टक्कर मार दी। हादसे में सिया को चोटें आईं। उनके दोस्त ने कार का पीछा कर ट्रैफिक सिग्नल पर ड्राइवर से बात करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि ड्राइवर ने गलती मानने से इनकार कर दिया और मौके से चला गया। सिया ने कार का नंबर HR30Y4949 बताया है। गुरुग्राम पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर मामले का संज्ञान लिया है और जांच कर रही है। वहीं, सोशल मीडिया यूजर्स ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

