जामुड़िया थाना के सम्मेलन कक्ष में सोमवार को जामुड़िया-चाकडोला औद्योगिक मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन और संभावित मार्ग परिवर्तन को लेकर बैठक हुई। बैठक में पुलिस-प्रशासन, जामुड़िया चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज तथा विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में स्थानीय लोगों की सुरक्षा और उद्योगों की आवश्यकताओं के बीच संतुलन बनाते हुए समाधान निकालने पर चर्चा हुई। चैंबर सचिव मोनू (महेश सावडिया) ने कहा कि उद्योग जगत स्थानीय लोगों की समस्याओं को समझता है और उनकी सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए

प्रशासन के साथ सहयोग करेगा। टेक एआईसी एवं आरएआईसी प्लांट के संयोजक पिंटू झा ने भी सुरक्षित आवागमन व्यवस्था की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रशासन ने सभी संबंधित पक्षों से अपने सुझाव लिखित रूप में देने को कहा है। अधिकारियों के अनुसार, स्थानीय लोगों की राय लेने के बाद एसडीओ, विधायक और संबंधित गांवों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक होगी। सभी पक्षों के सुझावों पर विचार करने के बाद ही भारी वाहनों के आवागमन और संभावित मार्ग परिवर्तन पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

