हजारीबाग मुख्य सड़क पर 13 माइल के पास रविवार देर रात करीब 11 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। हादसे का खौफनाक मंजर घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। दुर्घटना में बोलेरो पिकअप सवार कई मजदूर घायल हो गए जबकि करीब पांच मजदूर को गंभीर रूप से चोटें आई है। जिन्हें इलाज के लिए हजारीबाग स्थित आरोग्यम अस्पताल ले जाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हजारीबाग की ओर से काम कर मजदूरों को लेकर एक बोलेरो पिकअप (वाहन संख्या JH02H/0771) बड़कागांव की ओर आ रहा था। इसी दौरान 13 माइल के पास पीछे से आ रहे एक हाईवा (वाहन संख्या JH02AF/3534) ने बोलेरो पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो पिकअप सड़क किनारे करीब 5 से 7 फीट नीचे खेत में जा गिरी। इसके बाद हाईवा की टक्कर के प्रभाव से बोलेरो पिकअप आगे से आ रहे

एक बोलेरो कैंपर (वाहन संख्या JH02BS/4783) से भी टकरा गया। हादसे में बोलेरो पिकअप में सवार करीब पांच मजदूर घायल हो गए। घायलों में अनिल कुमार, रवि रंजन कुमार, नितेश कुमार और दीपक कुमार के नाम सामने आए हैं। एक अन्य घायल मजदूर की पहचान तत्काल नहीं हो सकी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और सीआईएसएफ के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को दुर्घटनाग्रस्त वाहन से बाहर निकाला और इलाज के लिए हजारीबाग के आरोग्यम अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में घायलों का इलाज जारी बताया जा रहा है। CCTV में कैद हुआ पूरा हादसा दुर्घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद हादसे की भयावहता स्पष्ट दिखाई दे रही है। फुटेज में हाईवा द्वारा बोलेरो पिकअप को पीछे से टक्कर मारने के बाद वाहन के सड़क किनारे खेत में जा गिरने का दृश्य कैद हुआ है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा। दुर्घटना के कारणों और घटना की परिस्थितियों को लेकर पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।

