रानीगंज के 90 नंबर वार्ड अंतर्गत रजवार पाड़ा स्थित कुम्हार बाजार में छत्रपति शिवाजी संघ की ओर से गणेश चतुर्थी महोत्सव का शुभारंभ धूमधाम से किया गया। समारोह का उद्घाटन रानीगंज के विधायक पार्थ घोष ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर भारत सेवाश्रम संघ के जगन्नाथ महाराज, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारी, भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अभिक मंडल, विधायक प्रतिनिधि देवजीत खां, दिनेश सोनी, मनोज सर्राफ समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। संघ के अध्यक्ष शुभम राउथ ने रानीगंजवासियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि

किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत भगवान गणेश की पूजा से होती है। महाराष्ट्र में जिस भव्य स्वरूप में गणेश उत्सव मनाया जाता है, उसी परंपरा को रानीगंज में पिछले 14 वर्षों से छत्रपति शिवाजी संघ द्वारा आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूजा के साथ सामाजिक सेवा भी संघ का प्रमुख उद्देश्य है। लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाए बिना पूजा को पूर्ण नहीं माना जा सकता। इसी उद्देश्य से इस वर्ष संघ की ओर से 200 स्कूली बच्चों के बीच स्कूल किट का वितरण किया गया। आयोजकों के अनुसार, महोत्सव 20 सितंबर तक चलेगा। सोमवार को सुबह पूजा-अर्चना के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम और महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा। वहीं, 20 सितंबर को पूजा स्थल से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।

