देश के कई राज्यों में सोमवार यानी 14 सितंबर को मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की संभावना है। वहीं, पश्चिमी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, बिहार, ओडिशा, सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में 14 और 15 सितंबर को बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

दक्षिण भारत की बात करें तो केरल, आंध्र प्रदेश और माहे में तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है, जबकि कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। तेलंगाना में भी तेज हवाओं का अलर्ट है। वहीं, दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है। ओडिशा के क्योंझर, मयूरभंज, रायगढ़ा, कोरापुट और गजपति में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

