खबर सीतामढ़ी से है, जहां शनिवार सुबह अपराधियों ने जिला परिषद सदस्य के पति और प्रतिनिधि बैद्यनाथ महतो की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात डुमरा थाना क्षेत्र के रामपट्टी चौक स्थित श्मशान घाट के पास की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, बैद्यनाथ महतो मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान घात लगाए बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया और पुलिस से धक्का-मुक्की भी हुई।

इस दौरान इंस्पेक्टर अनिल कुमार के घायल होने की बात सामने आई है। वहीं, भीड़ ने एक आरोपी एजाज के मुर्गी फार्म में आग लगा दी। मौके पर एसपी अमित रंजन, सदर डीएसपी, एसडीएम आनंद कुमार और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। बताया जा रहा है कि बैद्यनाथ महतो ने कुछ दिन पहले ही अपने ऊपर फायरिंग और जान से मारने की कोशिश की शिकायत पुलिस से की थी। 7 सितंबर को भी कार्रवाई की मांग को लेकर सैकड़ों लोग डुमरा थाना पहुंचे थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

