शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए रानीगंज के शिक्षक राजीव राय को पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से ‘विद्यासागर शिक्षा सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया। कोलकाता के न्यू टाउन कन्वेंशन सेंटर में आयोजित समारोह में उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान मिलने से रानीगंज के शिक्षा जगत में खुशी है। इस उपलब्धि पर रानीगंज के यूथ जिम्नेशियम क्लब की ओर से भी राजीव राय का अभिनंदन किया गया। क्लब के कर्णधार तपन चक्रवर्ती ने उन्हें

सम्मानित करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे रानीगंज के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि राजीव राय लंबे समय से शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं और वे इस सम्मान के हकदार हैं। वहीं, राजीव राय ने सम्मान के लिए राज्य सरकार और यूथ जिम्नेशियम क्लब के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह सम्मान उन्हें भविष्य में और अधिक समर्पण के साथ शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करने की प्रेरणा देगा।

