केरेडारी बेल चौक के पास लवली बस और बाइक में जोरदार टक्कर, दो युवक घायल केरेडारी/बड़कागांव: केरेडारी प्रखंड के बेल चौक के समीप सोमवार दोपहर यात्री बस और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, लवली बस संख्या जेएच-01-डीसी-5399 टंडवा से हजारीबाग की ओर जा रही थी।

दोपहर करीब दो बजे बेल चौक के पास बस की केटीएम मोटरसाइकिल से टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार नवाखाप गांव निवासी संतोष महतो और हेमराज कुमार घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, केरेडारी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर केरेडारी थाना परिसर में रखा है।

