पश्चिमी ईरान से एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। कुर्दिस्तान और हमेदान प्रांत को जोड़ने वाले अंतर-शहरी मार्ग पर एक ईंधन टैंकर में जोरदार विस्फोट हो गया। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल बताए जा रहे हैं। स्थानीय सरकारी मीडिया के मुताबिक, टैंकर ने कुछ वाहनों को टक्कर मारी, जिसके बाद उसमें आग लग गई और जोरदार धमाका हुआ। देखते ही देखते आसपास मौजूद कई वाहन भी आग की चपेट में आ गए। घटना की

सूचना मिलते ही आपातकालीन और बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को इलाज के लिए सनंदाज के चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है। शुरुआती रिपोर्टों में टैंकर के ब्रेक सिस्टम में खराबी को हादसे की संभावित वजह बताया गया है, हालांकि दुर्घटना की विस्तृत जांच अभी जारी है। बताया जा रहा है कि यह हादसा सनंदाज के पास 2018 में हुए एक दर्दनाक हादसे की याद दिलाता है, जिसमें ईंधन टैंकर और यात्री बस की टक्कर में 15 लोगों की मौत हुई थी।

