पाकुड़ में श्री सत्य साईं सेवा संगठन ने श्रद्धा से मनाई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी |

पाकुड़ में श्री सत्य साईं सेवा संगठन ने श्रद्धा से मनाई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी |

पाकुड़ में श्री सत्य साईं सेवा संगठन की विभिन्न समितियों की ओर से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाई गई। छोटी अलीगंज स्थित श्री सत्य साईं सेवा समिति में आयोजित समारोह विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम की शुरुआत ॐकार, सुप्रभातम् और नगर संकीर्तन के साथ हुई। वहीं शाम छह बजे से विशेष भजन और सत्संग का आयोजन किया गया।

इस दौरान बाल विकास के बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस और चित्रांकन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। समिति के कौशल विकास कार्यक्रम के तहत सिलाई, कटाई और बुनाई का प्रशिक्षण पूरा करने वाले प्रतिभागियों को नए वस्त्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को भी पुरस्कार दिए गए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉक्टर देवकांत ठाकुर ने भगवान श्री सत्य साईं बाबा के संदेशों का उल्लेख करते हुए कहा कि श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेम, सत्य, धर्म, त्याग और निःस्वार्थ सेवा की प्रेरणा लेनी चाहिए। अंत में महाआरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।