रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली में बेल्जियम के रक्षा मंत्री थियो फ्रैंकेन के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की अहम वार्ता की। इस दौरान राजनाथ सिंह ने बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर और उनके प्रतिनिधिमंडल का भारत में स्वागत किया। राजनाथ सिंह ने कहा कि मौजूदा समय में दुनिया गंभीर भू-राजनीतिक और आर्थिक उथल-पुथल के दौर से गुजर रही है। ऐसे हालात में

भारत के मित्र और महत्वपूर्ण साझेदार बेल्जियम के साथ मुलाकात दोनों देशों के लिए अपने विचार और दृष्टिकोण साझा करने का महत्वपूर्ण अवसर है। बैठक में दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत करने, रणनीतिक साझेदारी बढ़ाने और मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों पर विचारों के आदान-प्रदान पर चर्चा होने की उम्मीद है। बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर की भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच संबंधों को नई दिशा देने पर भी जोर दिया जा रहा है।

