भारत का ऑटोमोबाइल सेक्टर आने वाले वर्षों में बड़ी छलांग लगाने की तैयारी में है। 66वें SIAM वार्षिक सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय ऑटो इंडस्ट्री के भविष्य को लेकर बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारत का मोबिलिटी सेक्टर तेजी से बदल रहा है और टेक्नोलॉजी, इनोवेशन और एडवांस मैन्युफैक्चरिंग इसकी नई ताकत बनेंगे। पीएम मोदी के मुताबिक, देश की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के साथ लोगों और सामान की आवाजाही की जरूरत भी बढ़ रही है।

हाईवे और इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार से कनेक्टिविटी बेहतर हुई है, जिससे परिवहन की लागत और समय कम करने में मदद मिलेगी। वहीं, इलेक्ट्रिक वाहनों और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी सरकार का फोकस है। PLI स्कीम और मेक इन इंडिया जैसी पहलों से घरेलू मैन्युफैक्चरिंग को मजबूती मिलने की उम्मीद है। फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स के जरिए भारतीय कंपनियों को विदेशी बाजारों तक पहुंच बढ़ाने का अवसर भी मिल रहा है। ऐसे में भारत के ग्लोबल ऑटो हब बनने की राह और मजबूत हो सकती है।

