कैमूर के रामगढ़ थाना क्षेत्र के बंदीपुर गांव में बीती देर रात जहरीले सांप के काटने से 49 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी स्वर्गीय सुखी यादव के पुत्र मुन्ना यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मुन्ना यादव रात में अपने घर में पलंग पर सो रहे थे। इसी दौरान जहरीले सांप ने उन्हें काट लिया। तबीयत बिगड़ने पर उन्होंने परिजनों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल

पहुंचते ही चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मुन्ना यादव मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। मृतक के तीन बेटे हैं, जिनकी शादी अभी बाकी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है। सूचना के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन से उचित मुआवजे और सरकारी सहायता की मांग की है।

