कर्नाटक के बागलकोट जिले में बुधवार को एक सरकारी स्कूल में बड़ा हादसा हो गया। मुगालोली थांडा स्थित सरकारी स्कूल में क्लासरूम की छत का एक हिस्सा अचानक गिर गया। इस दौरान कक्षा में मौजूद बच्चों पर कंक्रीट का मलबा गिरा, जिससे 6 बच्चे मामूली रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक सभी छह बच्चे सुरक्षित हैं और उनकी हालत स्थिर है। घटना की

जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्कूल की जर्जर इमारत को देखते हुए पंचायत राज इंजीनियरिंग विभाग को छत की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं। स्कूल शिक्षा विभाग के उप निदेशक ने अस्पताल पहुंचकर बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। अभिभावकों ने स्कूल की इमारत की स्थायी मरम्मत और बच्चों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम करने की मांग की है। प्रशासन ने जल्द से जल्द मरम्मत कार्य पूरा कराने का भरोसा दिया है।

