तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने अपनी पार्टी के कार्यालय में कथित तोड़फोड़ को लेकर बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि सुबह-सुबह उनकी पार्टी के कार्यालय को निशाना बनाया गया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सवाल उठाया कि क्या पश्चिम बंगाल के राज्यपाल, केंद्रीय गृह मंत्री और प्रधानमंत्री कार्यालय इस मामले में कार्रवाई करेंगे या फिर आंखें मूंदकर बैठे रहेंगे। अभिषेक बनर्जी ने कलकत्ता हाई कोर्ट से भी मामले का गंभीरता से संज्ञान लेने और पश्चिम बंगाल में कानून का राज कायम रखने की अपील

की। उन्होंने बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी पर भी निशाना साधते हुए पूछा कि आखिर वह तृणमूल कांग्रेस और उनसे इतने डरे हुए क्यों हैं कि इस तरह की कथित धमकी और दबाव की जरूरत पड़ रही है। अभिषेक बनर्जी ने कहा कि अगर विपक्ष के साथ हिंसा, तोड़फोड़ और डराने-धमकाने का व्यवहार किया जाएगा, तो मुख्यमंत्री के पास पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है और उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने इस घटना को लोकतंत्र के खिलाफ बताते हुए कहा कि हर हमले और सत्ता के दुरुपयोग को याद रखा जाएगा।

