उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच कई इलाकों में बाढ़ और लैंडस्लाइड से हालात बिगड़ गए हैं। इसी बीच टीवी अभिनेत्री आंचल मुंजाल भी उत्तराखंड में फंस गईं। आंचल मंगलवार सुबह करीब 10 बजे अपने दोस्तों के साथ मुंबई के लिए रवाना हुई थीं, लेकिन रास्ते में लैंडस्लाइड के कारण सड़क बंद हो गई और वह घंटों जाम में फंसी रहीं। आंचल ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर वहां के हालात दिखाए। वीडियो में उफनती नदियां और सड़क पर पहाड़ से गिरा मलबा

नजर आ रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि फिलहाल उत्तराखंड या किसी भी पहाड़ी इलाके में घूमने का प्लान टाल दें। अभिनेत्री ने बताया कि लैंडस्लाइड के कारण कई लोग रास्ते में फंसे हैं और कुछ लोगों की ट्रेन तक छूट गई। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए पहली बार है जब उन्होंने अपनी आंखों के सामने बाढ़ की ऐसी स्थिति देखी है। वीडियो सामने आने के बाद उनके फैंस भी चिंतित हो गए और उनके सुरक्षित रहने की दुआ कर रहे हैं।

