अभिनेत्री स्वरा भास्कर एक बार फिर अपने बयान को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। दरअसल, उन्होंने संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावत’ में दिखाए गए जौहर के दृश्य को लेकर सवाल उठाए हैं। एक इवेंट के दौरान स्वरा ने कहा कि फिल्म में सैकड़ों महिलाओं को जौहर करते दिखाया गया है और उन्होंने सवाल किया कि अगर किसी महिला के साथ दुष्कर्म हो जाए, तो क्या उसके पास जीने का अधिकार नहीं है। स्वरा ने फिल्म के एक दृश्य का जिक्र करते हुए यह भी कहा

कि महिलाओं की पहचान उनकी देह या तथाकथित ‘इज्जत’ तक सीमित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि फिल्म देखने के बाद उन्होंने कुछ दिन तक अपने विचारों पर मंथन किया और इसके बाद संजय लीला भंसाली को ओपन लेटर लिखा। स्वरा के बयान के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें जमकर ट्रोल किया गया। कुछ यूजर्स ने उनके बयान को जौहर करने वाली महिलाओं और राजपूत समाज का अपमान बताया। वहीं, स्वरा ने ट्रोलिंग पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दुष्कर्म पीड़ित महिलाओं को भी पूरी जिंदगी जीने का अधिकार है।

