हरियाणा-हिमाचल सीमा पर हथनीकुंड बैराज क्षेत्र में सेना की एक्सरसाइज के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बाढ़ बचाव की प्रैक्टिस के दौरान सेना की मोटर बोट तेज बहाव के बीच डेंजर जोन में चली गई और पलटकर यमुना नदी में डूब गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वन पैरा स्पेशल फोर्स के जवान यहां एक्सरसाइज कर रहे थे। हादसे के बाद कुछ जवानों ने तैरकर अपनी जान बचाई। बताया जा रहा है कि तीन जवान करीब 600 मीटर तक तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि एक से दो जवानों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है।

सूचना मिलते ही सेना, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और यमुना नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सेना की डूबी हुई मोटर बोट को भी बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि, लापता जवानों की तलाश अभी जारी है।
फिलहाल हादसे में प्रभावित जवानों की संख्या और दुर्घटना की वजह को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

