मुंगेर के जमालपुर स्थित रेलवे मुख्य अस्पताल के मेल मेडिकल वार्ड में अचानक अजगर निकलने से अफरा-तफरी मच गई। अजगर को देखते ही वार्ड में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के साथ डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी भी दहशत में आ गए।
बताया जा रहा है कि अजगर करीब दो घंटे तक वार्ड के आसपास मौजूद रहा। इसकी सूचना अस्पताल प्रबंधन को दी गई, जिसके बाद स्नेक रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने काफी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया और बाद में उसे जंगल में छोड़ दिया।

अस्पताल परिसर के आसपास बड़ी संख्या में झाड़ियां और जंगल उग आने को लेकर मरीजों ने चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि नियमित साफ-सफाई और झाड़ियों की कटाई नहीं होने के कारण सांप और अन्य जीव-जंतुओं के अस्पताल परिसर में पहुंचने का खतरा बना रहता है।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें रेस्क्यू टीम अजगर को पकड़ती नजर आ रही है। मरीजों और परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन से नियमित सफाई और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने की मांग की है।

