केरेडारी/बड़कागांव। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केरेडारी में मंगलवार को चिकित्सा प्रभारी के रूप में डॉ. विक्रम कुमार ने प्रभार ग्रहण किया। प्रभार संभालने के मौके पर सीएचसी के स्वास्थ्यकर्मियों ने समारोह आयोजित कर फूल-माला और बुके देकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। डॉ. विक्रम कुमार के दोबारा केरेडारी सीएचसी की जिम्मेदारी संभालने से स्थानीय लोगों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उम्मीद जगी है।

बताया गया कि इससे पहले भी डॉ. विक्रम कुमार करीब ढाई वर्षों तक केरेडारी में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। प्रभार ग्रहण करने के बाद डॉ. विक्रम कुमार ने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा अस्पताल की व्यवस्था में सुधार को प्राथमिकता देने की बात कही। स्वागत समारोह में डॉ. अंशु, डॉ. कादिर, बीपीएम रज़ीक, एचएम शैलेश कुमार, लेखा पदाधिकारी नवीन कुमार, प्रधान लिपिक रामू यादव समेत कई स्वास्थ्यकर्मी, सहिया और सीएचसी के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

