नई दिल्ली से बड़ी खबर सामने आ रही है। बिहार और झारखंड के बीच सोन नदी के जल बंटवारे को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद का अब समाधान हो गया है। नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में दोनों राज्यों के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन यानी MoU पर हस्ताक्षर किए गए। MoU साइन होने के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मौजूद रहे। इसके अलावा केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर.

पाटिल, दोनों राज्यों के संबंधित अधिकारी और गृह मंत्रालय के अधिकारी भी बैठक में शामिल रहे। सोन नदी के पानी के बंटवारे को लेकर दोनों राज्यों के बीच यह मुद्दा लंबे समय से लंबित था। अब समझौते के बाद बिहार में सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता बढ़ने की उम्मीद है, जिससे किसानों को लाभ मिलेगा और कृषि क्षेत्र को भी मजबूती मिलेगी। वहीं, इस समझौते से झारखंड को भी लाभ मिलने की बात कही जा रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस ऐतिहासिक समझौते के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का आभार जताया है।

