हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिलने की खबर है। सोमवार सुबह शामली के औद्योगिक क्षेत्र में STF और शामली पुलिस की टीम के साथ मुठभेड़ में दो कथित शूटर सुमित और मोहित मारे गए। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और पुलिस के मुताबिक दोनों सोनीपत के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि 26 अगस्त को मेरठ निवासी अंकित बालियान की जिम से बाहर निकलते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने करीब 18 राउंड फायरिंग की थी, जिसमें पांच गोलियां अंकित को लगी थीं। पुलिस के

अनुसार, हत्या के बाद दोनों आरोपी बागपत और लोनी के रास्ते सोनीपत भागने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान सोमवार सुबह पुलिस ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए। अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की सूचना है। पुलिस का दावा है कि अंकित की हत्या में कुल चार शूटर शामिल थे। सुमित और मोहित के मारे जाने के बाद पुलिस बाकी दो आरोपियों सत्यम और आर्यन की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। हत्या की असली वजह अभी सामने नहीं आई है।

