उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों, सदर अस्पताल एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में कायाकल्प साफ सफाई, रख-रखाव एवं स्वास्थ्य संस्थानों के समुचित संचालन से संबंधित विषयों पर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के डीपीएम, डीडीएम, कंसल्टेंट, विभिन्न प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड लेखा प्रबंधक, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक, स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित कर्मियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने सभी स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता, साफ-सफाई एवं रख-रखाव की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों एवं अस्पताल परिसरों में नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों एवं उनके परिजनों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो सके। उन्होंने कायाकल्प कार्यक्रम के निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों के वार्ड, ओपीडी, आईपीडी, प्रसव कक्ष, शौचालय, परिसर एवं अन्य क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। बैठक में संक्रमण नियंत्रण के मानकों का कड़ाई से पालन करने, जैव चिकित्सा अपशिष्ट का उचित प्रबंधन करने तथा संक्रमण

की रोकथाम के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही मरीजों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। उप विकास आयुक्त ने स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध भवन, बिजली, पानी, शौचालय, फर्नीचर, उपकरण एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के उचित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को अपने-अपने स्वास्थ्य संस्थानों का नियमित निरीक्षण कर कमियों की पहचान करने तथा उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने निर्देश दिया कि जहां भी निर्धारित मानकों के अनुरूप सुधार की आवश्यकता है, वहां प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्य कराए जाएं। साथ ही सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने संस्थानों के लिए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करने तथा उसमें चिन्हित कमियों के निराकरण हेतु जिम्मेदारी, समय-सीमा एवं आवश्यक कार्रवाई निर्धारित करने को कहा गया। कार्ययोजना के अनुरूप किए गए कार्यों की नियमित समीक्षा एवं मॉनिटरिंग करने तथा प्रगति से उच्चाधिकारियों को अवगत कराने का भी निर्देश दिया गया। उप विकास आयुक्त ने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों एवं संबंधित कर्मियों को निर्देशित किया कि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए स्वास्थ्य संस्थानों को स्वच्छ, सुरक्षित, व्यवस्थित एवं मरीज हितैषी बनाने की दिशा में गंभीरता एवं प्राथमिकता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों में कायाकल्प के निर्धारित मापदंडों के अनुरूप बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करते हुए स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, मरीजों की सुरक्षा एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार किया जाना चाहिए।

