पाकुड़। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर शनिवार को सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बलिहारपुर के परिसर में राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव राजेंद्र महतो, सह सचिव दुर्गा मंडल, उपाध्यक्ष विजय शंकर सिंह और प्रधानाचार्य हेमा कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर सचिव राजेंद्र महतो ने छात्र-छात्राओं को खेल के महत्व के बारे में जानकारी दी। वहीं सह सचिव दुर्गा मंडल ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है और यह शरीर को स्वस्थ एवं फिट रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

इसके बाद छात्र-छात्राओं और आचार्यों की सहभागिता से विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें बिस्कुट दौड़, चम्मच-गुल्ली दौड़, गणित दौड़, सुई-धागा दौड़, मेंढक दौड़, कबड्डी, मटका फोड़ और लंगड़ा दौड़ सहित कई प्रतियोगिताएं शामिल रहीं।
प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी आचार्य एवं दीदीजी मौजूद रहे।

