26 अगस्त को आई भीषण फ्लैश फ्लड ने नेपाल के हिमालयी इलाकों में भारी तबाही मचा दी। भोटे कोशी और त्रिशूली नदी घाटियों में पानी, कीचड़ और मलबे का तेज बहाव कई मकानों, सड़कों और पुलों को बहा ले गया। इसी बीच एक हरे रंग का दो मंजिला मकान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि बाढ़ का पानी मकान को चारों तरफ से घेर चुका है, जबकि दूसरी मंजिल की बालकनी में एक परिवार फंसा हुआ नजर आ रहा

है। आसपास कई ढांचे बाढ़ की चपेट में आ जाते हैं, लेकिन मकान मजबूती से खड़ा रहता है। बाद के वीडियो में पानी कम होने के बाद परिवार को सुरक्षित देखा गया। छत से कपड़ा लहराकर मदद का संकेत भी दिया गया। घटना के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने मकान की मजबूती को लेकर हैरानी जताई और परिवार के सुरक्षित बचने को किसी चमत्कार से कम नहीं बताया।

