केरेडारी/बड़कागांव: हजारीबाग में अवैध कोयले के खिलाफ सीआईएसएफ ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। केऔसुब इकाई एनटीपीसी-सीएमपी हजारीबाग की टीम ने ग्राम चपरी स्थित एक अवैध कोयला भंडारण स्थल से 113.32 टन अवैध कोयला जब्त किया है। जानकारी के अनुसार, 27 अगस्त को दोपहर 2 बजे से रात करीब 10:30 बजे तक यह अभियान चलाया गया। विश्वसनीय सूचना के आधार पर सीआईएसएफ की टीम ने इकाई से करीब 50 किलोमीटर दूर सुदूर और

दुर्गम वन क्षेत्र में कार्रवाई की। तलाशी के दौरान चपरी गांव में अवैध रूप से भंडारित बड़ी मात्रा में कोयला बरामद हुआ। जब्त कोयले को 5 हाईवा वाहनों के जरिए एनटीपीसी के कांटा घर लाकर वजन कराया गया, जहां कुल 113.32 टन कोयला पाया गया। इसके बाद कोयले को स्टॉकर-रीक्लेमर क्षेत्र में सुरक्षित रूप से डंप कर संरक्षित किया गया। यह कार्रवाई वरिष्ठ कमांडेंट विवेक शर्मा के नेतृत्व में की गई। सीआईएसएफ ने कहा है कि अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

