तिब्बत की ओर से अचानक आई भीषण बाढ़ ने नेपाल के रसुवा जिले के टिमुरे बाजार और आसपास के इलाकों में भारी तबाही मचा दी है। लेन्दे खोला यानी भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ से रसुवा सीमा नाका, कस्टम कार्यालय, बाजार और कई बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। अधिकारियों के मुताबिक, कई वाहन और सामान बाढ़ में बह गए, जबकि हाल ही में बनाया गया एक पुल भी नदी में समा गया। बाढ़ से तीन पुलिस कार्यालय भी प्रभावित हुए हैं। वहीं, निचले

इलाकों में जलविद्युत परियोजनाओं और बस्तियों को भी नुकसान पहुंचने की खबर है। करीब 1,000 लोगों के बहने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने आपात बैठक बुलाई है। राहत और बचाव के लिए नेपाली सेना के दो हेलीकॉप्टर रसुवा भेजे गए हैं। रसुवा, नुवाकोट, धादिङ, गोरखा और चितवन के नदी तटीय इलाकों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। अधिकारियों ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।

