चमोली में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच पंच केदारों में पांचवें केदार के रूप में प्रसिद्ध कल्पेश्वर महादेव मंदिर के ऊपर भूस्खलन होने से हड़कंप मच गया। देर रात तेज बारिश के बाद मंदिर के ऊपर की पहाड़ी से अचानक मलबा और बड़े-बड़े पत्थर नीचे आ गिरे। इससे मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में भारी मात्रा में मलबा जमा हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने का काम शुरू किया। लगातार बारिश के कारण

चमोली के पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं बढ़ रही हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मंदिर परिसर और आसपास की पहाड़ी का तत्काल निरीक्षण कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। वहीं, चमोली में निर्माणाधीन पनबिजली सुरंग हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान अभी भी जारी है। सुरंग में फंसे दो लापता श्रमिकों की तलाश की जा रही है।

