पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के तारापीठ में सोमवार तड़के एक चार मंजिला होटल में भीषण आग लग गई। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, होटल के फर्स्ट फ्लोर पर रिसेप्शन के AC में आग लगी, जिसके बाद देखते ही देखते धुआं और आग पूरे होटल में फैल गई। उस वक्त ज्यादातर लोग सो रहे थे। बताया जा रहा है कि आग के दौरान फायर अलार्म नहीं

बजा, जिससे लोगों को समय पर इसकी जानकारी नहीं मिल सकी। दमकल की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। घायलों को रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में कुछ तीर्थयात्री भी शामिल बताए जा रहे हैं, जो तारापीठ मंदिर में पूजा के लिए पहुंचे थे। होटल प्रबंधन ने आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई है, हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

