पाकुड़। झारखंड पुलिस के लिए गौरव की बात। फेम इंडिया–एशिया पोस्ट द्वारा जारी देश के 100 सर्वश्रेष्ठ पुलिस कप्तानों की सूची में झारखंड के पांच आईपीएस अधिकारियों का चयन हुआ है। इस प्रतिष्ठित सूची में पाकुड़ के पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह का नाम भी शामिल है। इसके अलावा विशेष शाखा के एसपी हदीप पी. जनार्दन, गिरिडीह के एसपी डॉ. विमल कुमार, धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार और सिमडेगा के एसपी श्रीकांत सुरेश राव खोतरे को भी जगह मिली है।

राष्ट्रीय स्तर पर किए गए इस सर्वेक्षण में अधिकारियों का मूल्यांकन कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, नेतृत्व क्षमता, प्रभावी पुलिसिंग और जनविश्वास जैसे मानकों पर किया गया। एसपी अनुदीप सिंह का इस सूची में शामिल होना पाकुड़ जिले के लिए गर्व का विषय है। अधिकारियों के इस चयन से राज्य की पुलिसिंग और कार्यशैली को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। इसे झारखंड पुलिस की उपलब्धि और जनता के प्रति समर्पण के रूप में देखा जा रहा है।

