बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 25 लाख रुपये की नकली अंग्रेजी शराब बरामद की है। वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार देर शाम मरिचो पंचायत के कांडालागा गांव में पुलिस ने छापेमारी की। छापेमारी के दौरान एक घर के पीछे बने बकरी शेड में छिपाकर रखी गई 335 पेटियां बरामद हुईं। इन पेटियों में कुल 16 हजार 80 बोतल नकली शराब मिली। पुलिस के अनुसार शराब को बिहार

भेजने की तैयारी थी। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही कथित शराब कारोबारी सुनील रजक मौके से फरार हो गया। गुरुवार को बरवाअड्डा थाना में मुख्यालय-1 डीएसपी कुमार बिनोद ने प्रेसवार्ता कर मामले की जानकारी दी। पुलिस बरामद शराब की जांच करा रही है। वहीं फरार आरोपी समेत इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
