भारत में आज 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जा रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1947 के विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले और विस्थापन की पीड़ा झेलने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी।
पीएम मोदी ने कहा कि विभाजन ने लाखों परिवारों को उजाड़ दिया, लोगों ने अपनों को खोया और असहनीय पीड़ा झेली। इसके बावजूद प्रभावित लोगों ने हिम्मत नहीं हारी और शून्य से अपनी जिंदगी दोबारा शुरू कर देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

उन्होंने कहा कि इन लोगों का साहस और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को इंसानी जज्बे की ताकत की याद दिलाता है। पीएम मोदी ने देशवासियों से सद्भाव, भाईचारे और एकजुटता को मजबूत करने का संकल्प लेने की अपील की।
बता दें कि 2021 में प्रधानमंत्री मोदी ने 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। इसका उद्देश्य विभाजन की पीड़ा को याद करना और युवा पीढ़ी को उस दौर के संघर्ष से परिचित कराना है।

