विभावि यूसेट में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प हजारीबाग: विनोबा भावे विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (UCET) में गुरुवार को स्वामी विवेकानंद सभागार में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) चंद्र भूषण शर्मा ने विद्यार्थियों से जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में यही विद्यार्थी देश का दायित्व संभालेंगे, इसलिए

उन्हें अपने भविष्य और समाज के प्रति जिम्मेदारी समझनी होगी। इस दौरान विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक और डांस-ड्रामा के जरिए नशामुक्ति का संदेश दिया। ब्रह्माकुमारी बहनों के मार्गदर्शन में ध्यान एवं मेडिटेशन कराया गया और विद्यार्थियों को आत्मसंयम व सकारात्मक सोच का महत्व बताया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को नशामुक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की शपथ दिलाई गई। रक्षाबंधन कार्यक्रम के माध्यम से एक-दूसरे की सुरक्षा का संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम में यूसेट एवं बीसीए के शिक्षक-विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी रही।

