उत्तराखंड की सीमांत नीती घाटी से बड़ी खबर सामने आई है। जोशीमठ से करीब 37 किलोमीटर आगे तमक के पास हाल ही में बनाया गया वैली ब्रिज उफनती नदी के तेज बहाव में बह गया। लगातार बारिश के चलते नदी का जलस्तर अचानक बढ़ा और तेज बहाव पुल को अपने साथ ले गया। पुल के क्षतिग्रस्त होने से नीती घाटी की ओर जाने वाला सड़क मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है। चमोली के एडीएम विवेक प्रकाश के मुताबिक, हादसे के वक्त बीआरओ के अधिकारी और कर्मचारी मौके के आसपास मौजूद थे। बीआरओ का एक वाहन और उसका चालक भी लापता

बताया जा रहा है। उनकी तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है और एसडीआरएफ की टीम को मौके के लिए रवाना किया गया है। वैली ब्रिज के बहने से नीती घाटी के 15 से 16 गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है। प्रशासन और बीआरओ सड़क संपर्क जल्द बहाल करने में जुटे हैं। फिलहाल लोगों से नीती घाटी की ओर यात्रा न करने और नदी के तेज बहाव के बीच जोखिम न उठाने की अपील की गई है।

