जिला झामुमो कार्यालय में झामुमो कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम के नेतृत्व में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का 51वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर केक काटकर एक-दूसरे को मिठाई खिलाई गई और मुख्यमंत्री के दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई।जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने केक काटकर सबसे पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के चित्र को खिलाया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने जन्मदिन की खुशी में गीत गाए और उपस्थित लोगों के बीच केक व मिठाइयां वितरित कीं। जिलाध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन झारखंड के गरीब, शोषित, वंचित, आदिवासी और मूलवासियों के हक-अधिकार के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की दूरदृष्टि और विकास के प्रति प्रतिबद्धता से झारखंड आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की ओर से कितनी भी साजिशें की जाएं, हेमंत सोरेन झुकने और डरने वालों में नहीं हैं। वे आदिवासी-मूलवासी, अल्पसंख्यक, दलित, पिछड़े, युवा, महिला और बुजुर्गों के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेंगे। बताया गया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का जन्म 10 अगस्त 1975 को रामगढ़ जिले के नेमरा गांव में हुआ था।मुख्यमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखंडों में भी प्रखंड अध्यक्ष एवं सचिव के नेतृत्व में केक काटकर जन्मदिन मनाया गया और कार्यकर्ताओं के बीच मिठाइयां बांटी गईं।कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष हरिवंश चौबे, हाजी समद अली और पीटर मरांडी, जिला सचिव माईकिल मुर्मू, सांसद प्रतिनिधि सह केंद्रीय सदस्य श्याम यादव, केंद्रीय सदस्य मिथिलेश घोष, जिप अध्यक्ष जुली ख्रीस्टमुनी हेम्ब्रम, जिला संगठन सचिव अनारूद्दीन मियां के अलावा सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।

