झारखंड की अग्निशमन व्यवस्था को और अधिक आधुनिक एवं प्रभावी बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़ा कदम उठाया है। धुर्वा स्थित केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान में मुख्यमंत्री ने झारखंड फायर सर्विस के लिए मिस्ट टेक्नोलॉजी से लैस 58 आधुनिक मिनी वाटर टेंडर का उद्घाटन और फ्लैग-ऑफ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

ये अत्याधुनिक वाहन संकरी गलियों, घनी आबादी वाले इलाकों और दूरदराज के क्षेत्रों तक भी तेजी से पहुंच सकेंगे, जहां बड़े फायर टेंडर नहीं पहुंच पाते। गैस सिलेंडर विस्फोट, शॉर्ट सर्किट और घरों या व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में आग लगने जैसी आपात स्थितियों में ये वाहन त्वरित राहत देने में मदद करेंगे। कार्यक्रम के दौरान आधुनिक अग्निशमन उपकरणों और तकनीकों का प्रदर्शन भी किया गया। सरकार का कहना है कि यह पहल झारखंड की फायर सेफ्टी प्रणाली को अधिक सक्षम, तेज और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

