धनबाद स्थित बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (BBMKU) में छात्रों ने अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय फीस समय पर जमा कराने में सख्ती दिखाता है, लेकिन परीक्षा परिणाम घोषित करने में देरी और बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी की जाती है।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने मांग की कि बातचीत बंद कमरे में नहीं, बल्कि सभी छात्रों की मौजूदगी में खुले मंच पर हो। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारी धरनास्थल पर पहुंचे और छात्रों के बीच बैठकर चर्चा की। प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। छात्रों ने कहा कि उनकी सभी मांगों पर ठोस कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों की मांगों पर चर्चा कर उचित समाधान निकालने का आश्वासन दिया है। फिलहाल मामले को लेकर वार्ता का दौर जारी है।

