दिल्ली पुलिस की साइबर थाना द्वारका टीम ने ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मध्य प्रदेश के इंदौर में छापेमारी कर छह आरोपियों—सुमित, राहुल, अश्विनी, महेश, पीयूष और रविंदर—को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी ट्रेडिंग कंपनी के जरिए लोगों को पहले स्टॉक मार्केट में मुनाफे का लालच देते थे और

बाद में फॉरेक्स निवेश के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करते थे। इस मामले में अब तक ₹54.70 लाख से अधिक की ठगी का खुलासा हुआ है। छापेमारी के दौरान 28 CPU, 25 मोबाइल फोन, दो वाई-फाई राउटर, एक DVR और एक कैमरा बरामद किया गया। साथ ही 1400 से अधिक एक्सेल फाइलों में हजारों निवेशकों की बैंक और पैन संबंधी जानकारी भी मिली है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
