दुबई के जेबेल अली इंडस्ट्रियल एरिया में धमाकों से हड़कंप, जांच जारी |

दुबई के जेबेल अली इंडस्ट्रियल एरिया में धमाकों से हड़कंप, जांच जारी |

संयुक्त अरब अमीरात के दुबई स्थित जेबेल अली इंडस्ट्रियल एरिया में मंगलवार देर रात कई धमाकों की खबर सामने आई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में रात के समय आसमान में काले धुएं का घना गुबार उठता दिखाई दे रहा है। कुछ मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, करीब 20 मिनट के भीतर सात धमाके हुए, जिनकी आवाज़ आसपास के रिहायशी इलाकों तक सुनाई दी। घटना के बाद सुरक्षा और आपातकालीन एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं।

फिलहाल किसी के हताहत होने या बड़े पैमाने पर नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। रिपोर्टों में यह भी कहा गया है कि घटना का वीडियो बनाने के आरोप में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। वहीं, कुछ विदेशी मीडिया ने क्षेत्रीय तनाव के बीच संभावित मिसाइल हमले की आशंका जताई है, जबकि अन्य रिपोर्टों के अनुसार बंदरगाह के पास स्थित ईंधन भंडारण गोदाम में आग लगने से धमाके हुए हो सकते हैं। हालांकि, संयुक्त अरब अमीरात के अधिकारियों ने अब तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल घटना की जांच जारी है और प्रशासन लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा आधिकारिक जानकारी का इंतजार करने की अपील कर रहा है।