बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के वाल्मीकिनगर स्थित भारत-नेपाल सीमा के संवेदनशील सुस्ता क्षेत्र में एक बार फिर सीमा विवाद को लेकर तनाव की स्थिति बन गई है। एसएसबी के अनुसार, नेपाल के सुस्ता गांव के करीब 150 से 200 ग्रामीणों ने कथित तौर पर पहले से बनी सहमति का उल्लंघन करते हुए भारतीय सीमा की ओर मिट्टी का बांध बनाना शुरू कर दिया। एसएसबी का कहना है कि विरोध करने पर भीड़ ने सरकारी कार्य में बाधा डाली, जवानों के साथ गाली-गलौज

की और लाठी-डंडों व पत्थरों के साथ आक्रामक हो गई। आरोप है कि भारतीय सीमा की ओर पथराव भी किया गया, जिससे कुछ समय के लिए तनाव फैल गया। एसएसबी की शिकायत पर वाल्मीकिनगर थाने में 150 से 200 अज्ञात नेपाली नागरिकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, इस मामले पर नेपाल की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

