सोपोर में घर से मिले 45 गोले, पुंछ में आतंकियों के ठिकाने से हथियार बरामद |

सोपोर में घर से मिले 45 गोले, पुंछ में आतंकियों के ठिकाने से हथियार बरामद |

जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों ने बुधवार को अलग-अलग इलाकों में बड़े तलाशी अभियान चलाते हुए महत्वपूर्ण बरामदगी की है। सोपोर के अमलगढ़ थाना क्षेत्र के घाट निंगली और शीर कॉलोनी में संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान एक रिहायशी मकान से कबाड़ की श्रेणी के 45 गोले बरामद किए गए। यह अभियान सोपोर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप, सीआरपीएफ की 177वीं बटालियन और सेना की 52 राष्ट्रीय राइफल्स ने संयुक्त रूप से चलाया। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

वहीं, पुंछ जिले के सूरनकोट क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने एक गुफा में बने आतंकवादी ठिकाने का भी पता लगाया। यहां से एके राइफल की दो मैगजीन, 117 जिंदा कारतूस और 9 एमएम पिस्तौल के 17 कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा जम्मू के अखनूर और कठुआ के हीरानगर सेक्टर में भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर तलाशी अभियान चलाया गया, हालांकि वहां कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली। सुरक्षा एजेंसियों का सर्च ऑपरेशन संवेदनशील इलाकों में लगातार जारी है।