नई दिल्ली में छात्र आंदोलन से जुड़े प्रतिनिधियों से मुलाकात के बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। मीडिया से बातचीत में राहुल गांधी ने कहा कि जिन छात्रों ने आगे आकर अपनी बात रखी है, उन्होंने साहस का परिचय दिया है। उन्होंने दावा किया कि ये छात्र उत्पीड़न, हिंसा और प्रताड़ना का सामना कर रहे हैं, लेकिन फिर भी अपनी आवाज़ बुलंद कर रहे हैं।

राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें संसद में आकर छात्रों के खिलाफ हुई कथित कार्रवाई पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि गृह मंत्री को इस कार्रवाई की जानकारी नहीं थी तो यह उनकी जिम्मेदारी का सवाल है, और यदि जानकारी थी तो उन्हें इसकी जवाबदेही स्वीकार करनी चाहिए।
राहुल गांधी ने कहा कि देश को ऐसे ही निर्भीक युवाओं की जरूरत है, जो अपने अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए खड़े होने का साहस रखते हैं। वहीं, केंद्र सरकार की ओर से राहुल गांधी के इन आरोपों पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

